बुधवार को जम्मू-कश्मीर विधानसभा भंग होने के बाद भाजपा के महासचिव राम माधव ने महबूबा मुफ्ती की पीडीपी और उमर अबदुल्ला की नेशनल कांफ्रेंस पार्टी पर निशाना साधा है। न्यूज एजेंसी से बातचीत में माधव ने कहा- कुछ दिनों पहले जम्मू-कश्मीर मे स्थानीय निकाय चुनाव हुए तो सीमा पार से मिले आदेश के मुताबिक, पीडीपी और एनसी ने इनका बहिष्कार कर दिया था। हो सकता है इस बार नए आदेश में कहा गया हो कि दोनों पार्टियां साथ आएं और राज्य में सरकार बनाएं। बता दें कि विधानसभा भंग करने और नए चुनाव कराने के ऐलान के बाद से ही विपक्षी पार्टियां इस फैसले का विरोध कर रही हैं। बहरहाल, माधव के इस बयान पर उमर अबदुल्ला भड़क गए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा- अगर राम माधव के सबूत हैं तो वो दिखाएं। लेकिन हम राज्य में 1987 जैसे हालात पैदा नहीं होने देना चाहते।
माधव ने और क्या कहा?
राम माधव ने कहा- राज्यपाल भवन का फैक्स क्यों काम नहीं कर रहा था, इस बारे में तो सिर्फ गवर्नर ही बता सकते हैं। जहां तक मेहबूबा मुफ्ती के पत्र की बात है तो उन्होंने उसमें कहीं नहीं लिखा कि वो सरकार बनाएंगी। उन्होंने सिर्फ ये लिखा है कि वो राज्यपाल से मिलने के लिए आना चाहती हैं। मुझे लगता है ये सब जानबूझ कर किया जा रहा ड्रामा है।
आखिर हुआ क्या था?
जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने बुधवार को विधानसभा भंग कर दी। विधानसभा भंग होने से पहले करीब आधे घंटे के भीतर दो दलों ने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया था। पहले पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की मुखिया महबूबा मुफ्ती ने राज्यपाल को भेजी चिट्ठी में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के समर्थन की बात कही। उन्होंने कहा कि उनके साथ 56 विधायक हैं। 15 मिनट बाद ही पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के लीडर सज्जाद लोन ने भी राज्यपाल को चिट्ठी भेजने की बात कही। सज्जाद ने कहा कि भाजपा के सभी विधायकों के अलावा 18 से ज्यादा अन्य विधायकों का समर्थन हमारे साथ है। ये संख्या बहुमत से ज्यादा है।
सज्जाद ने क्या कहा था?
राज्यपाल के निजी सचिव जीवन लाल को वॉट्सऐप पर भेजे पत्र को सज्जाद ने ट्विटर पर शेयर किया। इसमें सज्जाद ने दावा किया कि भाजपा के सभी विधायकों का समर्थन हमें हासिल है। इसके अलावा 18 से ज्यादा अन्य विधायक भी हमें सपोर्ट कर रहे हैं। ये संख्या बहुमत से ज्यादा है। मैं भाजपा और दूसरे सदस्यों के समर्थन के पत्र पेश कर रहा हूं। हम भरोसा दिलाते हैं कि राज्य में शांति स्थापित करने के लिए मजबूत और टिकाऊ सरकार बनाएंगे। पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के 2 विधायक हैं, भाजपा के सदस्यों की संख्या 25 और इसके अलावा लोन ने 18 अन्य के समर्थन की बात कही। इस तरह सज्जाद ने 45 सदस्यों के समर्थन का दावा किया।
No comments:
Post a Comment